कालाढूंगी (नैनीताल)। नैनीताल में पर्यटकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मंगलवार को नैनीताल जाने वाले पर्यटकों को हल्द्वानी के रास्ते भिजवाया, जिस कारण नैनीताल तिराहे पर जाम की स्थिति बनी रही। एसआई राहुल राठी के नेतृत्व में सुबह से ही कालाढूंगी थाना पुलिस ने नैनीताल जाने वाले पर्यटकों को रोकना शुरू कर दिया। इस दौरान अधिकतर पर्यटक पुलिस कर्मियों से बहस करते रहे, जबकि कुछ पर्यटक लौट भी गए। प्रशासन ने पर्यटकों को नैनीताल भेजने के लिए शटल सेवा की भी व्यवस्था की थी, लेकिन पर्यटक इन बसों से नैनीताल जाने के लिए तैयार नहीं हुए। इस कारण प्रशासन की शटल सेवा में शामिल खाली बस नैनीताल लौट गई।