गरुड़ (बागेश्वर)। एसडीएम गरुड़ सुंदर सिंह ने बैजनाथ कृत्रिम झील, गोमती नदी में कूड़ा फेंकने, झील में स्नान करने पर रोक लगा दी है। एसडीएम ने गोमती में गंदगी की रोकथाम के लिए मंदिर के पास एक साइन बोर्ड भी लगा दिया है। एसडीएम सुंदर सिंह ने बताया कि गोमती नदी को स्वच्छ रखने के लिए स्थानीय जनता, राजस्व कर्मियों ने दो बार नदी की सफाई भी की। एसडीएम ने बैजनाथ मंदिर परिसर को साफ रखने, झील को स्वच्छ बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर के पास सोमवार को एक बोर्ड भी लगा दिया है। एसडीएम ने बताया कि गोमती नदी में कूड़ा डालते, झील में स्नान करते कोई पाया गया तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने लोगों से अपने घरों में कूड़ेदान रखने को कहा है। वहीं लोगों ने गांव में पाइपलाइनों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान अनीता गोस्वामी ने बताया कि कूड़ादान बनाने के लिए मनरेगा से मदद दी जा सकती है क्योंकि यहां पर्यटकों की आवाजाही काफी रहती है। उन्होंने बताया कि गांव में पेयजल योजना जल्द बनेगी। इसका शिलान्यास हो चुका है।