नैनीताल। जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने बिना कारण अस्पताल से रेफर करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। सोमवार को अस्पताल प्रबंधन की बैठक में डीएम ने कहा कि जब तक कोई ठोस कारण न हो मरीजों को बाहर रेफर न किया जाए। जेनेरिक दवाइयां लिखी जाएं, ताकि मरीजों की जेब पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। उन्होंने अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं देने का निर्देश डॉक्टरों को दिया। कहा कि डॉक्टर इमरजेंसी में 24 घंटे बैठें। अधिकारी निरीक्षण कर उनकी उपस्थिति जांचें। अस्पतालों का कचरा सही तरह से निस्तारित करने के लिए टेंडर निकाले जाएं। बैठक में बीडी पांडे पुरुष अस्पताल को 41 लाख, बीडी पांडे महिला अस्पताल को 10 लाख और जीबी पंत अस्पताल को 32 लाख रुपये विभिन्न कार्यों में खर्च करने की स्वीकृति दी गई। बैठक में प्रमुख अधीक्षक बीडी पांडे डा. तारा आर्या, बीडी पांडे महिला अस्पताल की सीएमएस डा. विनीता साह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. बलवीर सिंह, कोषाधिकारी मामूर जहां, सांसद सदस्य मनोज जोशी, विधायक सदस्य अरविंद, कंचन भंडारी, सरस्वती खेतवाल आदि उपस्थित थे।
अस्पताल प्रबंध समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने डॉक्टरों को चेताया
जेनेरिक दवाइयां लिखने के दिए निर्देश