रामनगर (नैनीताल)। रामनगर वन प्रभाग के जंगलों में गश्त के लिए विश्व प्रकृति निधि (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) ने वन विभाग को 10 मोटरसाइकिलें दिलाई हैं। इसके लिए वन परिसर के विश्राम भवन में मंगलवार को कार्यक्रम हुआ। इसमें प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव डॉ. दिग्विजय सिंह खाती ने वनकर्मियों को यह बाइकें सौंपीं। इस दौरान खाती ने वनकर्मियों से सुरक्षा गश्त में सावधानी बरतने, वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनकर काम करने की अपील की। कहा कि कार्बेट नेशनल पार्क के बाद रामनगर वन प्रभाग में भी बाघों की संख्या काफी है। इसलिए वहां भी सुरक्षा गश्त बढ़ाने की जरूरत है। वन विभाग अपने सीमित संसाधनों के बल पर इस काम को बखूबी कर रहा है लेकिन अब विभाग को उपलब्ध बाइकों से सुरक्षा गश्त का काम सुलभ हो गया है। खाती ने वनकर्मियों को पैदल, बाइक से गश्त में अंतर समझाया। कहा कि वनकर्मी अपने अनुभव से दूसरे वनकर्मियों को भी लाभ पहुंचाएं। इस दौरान वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त डॉ. पराग मधुकर धकाते, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक सुरेंद्र मेहरा, डीएफओ सुभाष चंद्रा, एसडीओ केएन भारती, रेजर भगवती प्रसाद पंत, प्रमोद पंत, डब्ल्यूडब्ल्यूएफके मेहराज अनवर आदि मौजूद रहे।