रामनगर (नैनीताल)। वन आरक्षी/वन बीट अधिकारी की मंडल स्तर की बैठक बृहस्पतिवार को संघ भवन वन परिसर में हुई। इसमें वन विभाग में वन दरोगा के पदों पर 33 प्रतिशत पद सीधी भर्ती से भरने संबंधी सरकारी नीति का विरोध किया गया। वन आरक्षी/वन बीट अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद पांडे ने बताया कि 23 से 26 मार्च तक वन मुख्यालय देहरादून सहित पूरे प्रदेश में वृत्त मुख्यालयों, प्रभाग मुख्यालयों पर धरना, प्रदर्शन किया जाएगा। मांग पूरी न होने पर 27 मार्च से बेमियादी हड़ताल की जाएगी। इसके लिए संगठन की ओर से शासन, प्रशासन से वार्ता के लिए कुमाऊं मंडल से समिति बनाई गई। इस दौरान बृजमोहन सिंह रावत, ललित मोहन हर्बोला, मदन सिंह मेहरा, प्रमोद पंत, शशिवर्धन अधिकारी, भुवन चंद्र सती, राकेश पंत, दीवान सिंह रौतेला, कैलाश पंत आदि थे।