नैनीताल। श्री राम सेवक सभा के सहयोग से आयोजित 22वें नैनीताल होली महोत्सव में शुक्रवार को महिलाओं ने होली गीत गाए और स्वांग किया। महोत्सव के पहले दिन नौ टीमों ने प्रतिभाग किया। महिलाओं द्वारा होली जुलूस निकाला गया। इस दौरान भ्रमण पर पहुंचे विदेशी सैलानियों ने भी मंच में पहुंचकर अबीर गुलाल लगाकर नृत्य किया। होल्यारों ने गंगा गोमती सरयू किनारा बागनाथ लियो अवतारा..., भागा रे नंदलाल राधा ने पकड़ा नंदलाला..., रंग डालो फागुन रितु आ गई..., कान्हा जिद न करो मेरी अंखियन में पड़त गुलाल... समेत कई होली गीत गाए। जुलूस और स्वांग में नैनी महिला जागृति संघ ने पहला, लेक सिटी वेलफेयर क्लब ने दूसरा, मां आशीर्वाद समिति ज्योलीकोट ने तीसरा स्थान हासिल किया। सांत्वना पुरस्कार धूमेश्वर मंदिर समिति धारानौला अल्मोड़ा और मेविला माउंटरोज नैनीताल को दिया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सरिता आर्या, निर्णायक वरिष्ठ कलाकार अनिल घिल्डियाल थे। संस्कृति के संवर्धन व सामाजिक कार्यों में विशेष योगदान के लिए सुमन साह को सम्मानित किया गया। गीता सत्संग आश्रम, नैनी महिला बाल विकास समिति, मां पाषाण देवी महिला समिति, कल्पना भंडारी एवं ग्रुप हल्द्वानी आदि संस्थाओं ने भाग लिया। वहां सभा के अध्यक्ष मनोज साह, पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी, उपाध्यक्ष अनूप सिंह साही, प्रबंधक विमल चौधरी, महासचिव राजेंद्र साह, उपसचिव कोहित सनवाल, कोषाध्यक्ष दीप जोशी आदि मौजूद थे।