नैनीताल। दो बेेटियां अपनी मां के त्याग और ममता को भूल चुकी हैं। दोनों ने अपनी बूढ़ी को सहारा देने की बजाय दर-दर की ठोकरें खाने के लिए छोड़ दिया। उन्हें तो अपनी मां पर तरस नहीं आया, लेकिन नैनीताल निवासी कन्नू और उनकी पत्नि तुलसी ने 80 वर्षीय पार्वती भट्ट को अपने घर पर रहने की जगह दी। अब वह ही बूढ़ी के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आगे आए हैं। बुधवार को वह वृद्धा को लेकर मल्लीताल कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने बूढ़ी मां की आप बीती सुनने के बाद उनकी बेटी को फोन कर थाने बुलाया, लेकिन बेटी के लिए मां से बढ़कर अन्य काम थे, उसने बृहस्पतिवार (आज) आने की बात कहकर फोन काट दिया। बता दें कि अमर उजाला ने 10 फरवरी को ‘घर पहुंची बीमार मां तो बेटियों ने दुत्कारा’ शीर्षक से पार्वती की आप बीती छापी थी। बातचीत के दौरान तुलसी ने बताया कि वृद्धा 21 जनवरी से उनके घर पर रह रही है। खबर छपने के बाद भी किसी संगठन या उनकी बेटियों ने वृद्धा की कोई खैर-खबर नहीं ली। इसके बाद वह पड़ोस की सुनीता के साथ पार्वती को लेकर मल्लीताल कोतवाली गई।