खटीमा नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर तीन दिन से चल रही हड़ताल शनिवार शाम तक चली बैठक के बाद खत्म हो गई। सफाई कर्मचारियों व ईओ के मध्य हुई बैठक में एक मांग को छोड़कर सभी बिंदुओं पर सहमति बन गई। सफाई कर्मचारी रविवार से काम पर लौटेंगे। शनिवार को नगर पालिका ईओ कमला पांडे और सफाई कर्मचारी नेताओं के मध्य हुई वार्ता में यूजर चार्जर लागू होते ही मोहल्ला स्वच्छता समिति के लोगों को आठ हजार रुपये देने और अन्य पर सहमति बनी। बीमार कर्मचारियों की जगह उनके परिजनों को नौकरी देने की मांग को ईओ ने नकार दिया। संगठन के अध्यक्ष सुभाष कुमार ने कहा कि सभी कर्मचारी आज से काम पर लौटेंगे। वहां पर अनिल वाल्मीकि, बुद्धसेन, ग्रेस देवी आदि थे।