नैनीताल। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशन में 25 जनवरी को जिले की सभी विधानसभा मुख्यालयों पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया जाएगा। डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि हल्द्वानी विधानसभा मुख्यालय में सुबह 10 बजे मुख्य समारोह आयोजित होगा। एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में चल रहे राष्ट्रीय सरस मेले में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें सबसे बुजुर्ग एवं कम उम्र के मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। मतदाता जागरूकता से संबंधी सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ भी दिलाई जाएगी। एडीएम हरबीर सिंह ने जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के एआरओ, एसडीएम को भी ऐसे आयोजन करने को कहा है। बताया कि हल्द्वानी में जीजीआईसी से रोडवेज स्टेशन होकर स्कूली छात्र-छात्राएं रैली निकालेंगी। उन्होंने स्वीप प्रभारी अतुल प्रताप सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र त्रिपाठी को सभी तैयारियां पूरी करने को कहा है।