रामनगर (नैनीताल)। आगामी अखिल भारतीय बाघ गणना के लिए वन परिसर चूनाखान में सोमवार को सभी वन रक्षकों, वन दरोगाओं को कार्यशाला आयोजित कर प्रशिक्षण दिया गया। इस कार्य के लिए वन्य जीव संस्थान देहरादून द्वारा डिजाइन किए गए इकोलॉजिकल एप के माध्यम से इस बार सभी आंकड़े ऑनलाइन भेजे जाएंगे। बाघ, उसके सहपरभक्षियों, वनस्पतियों, गिद्धों आदि की गणना कार्य संपादित किए जाने के लिए जसपुर उत्तरी, दक्षिणी के वन दरोगाओं, तराई पश्चिमी वन प्रभाग की बैलपड़ाव, रामनगर, बन्नाखेड़ा और आमपोखरा रेंज के वन रक्षकों को विजेंद्र अधिकारी, उप वन क्षेत्राधिकारी और पूरन गोस्वामी ने प्रशिक्षण दिया। प्रभाग की अन्य रेंज स्टाफ को 17 जनवरी को दक्षिणी जसपुर में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी डीके सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी कलम सिंह बिष्ट, वन क्षेत्राधिकारी संतोष पंत आदि मौजूद थे।