हल्द्वानी। वन संपत्ति को नुकसान से बचाने के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड वन विभाग की संयुक्त टीम ने खटीमा के आसपास गश्त की। गश्त में दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वन्यजीवों और वन संपत्ति को बचाने के लिए दोनों राज्यों के वन अधिकारियों की बैठक हुई। उत्तराखंड के तराई पूर्वी वन प्रभाग के डीएफओ नीतीश मणि त्रिपाठी और पीलीभीत वन प्रभाग के डिप्टी डायरेक्टर आदर्श कुमार ने वन्यजीवों और वन उपज की सुरक्षा को लेकर चर्चा की। बाद में दोनों राज्यों की संयुक्त टीम ने गश्त की। गश्त की शुरुआत पीलीभीत टाइगर रिजर्व के महोफ रेंज से हुई। टीम तराई पूर्वी वन प्रभाग के सुरई रेंज तक करीब दस किमी तक पैदल घूमी। तराई पूर्वी के डीएफओ नीतीश मणि त्रिपाठी ने बताया कि पीटीआर और सुरई रेंज में गश्त की गई। दोनों टीमों में सुरक्षा को लेकर सूचनाओं के आदान-प्रदान पर भी चर्चा की गई।
उत्तराखंड-यूपी की संयुक्त टीम ने की गश्त
वन उपज और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चर्चा भी हुई