हल्द्वानी। ऑल इंडिया ट्रक एसोसिएशन, ट्रांसपोर्ट के आह्वान पर देशभर के वाहन स्वामी विभिन्न मांगों को लेकर 20 जुलाई को देशव्यापी विरोध कर रहे हैं। इस दौरान देशभर में 92 लाख से ज्यादा बड़े छोटे ट्रकों का पहिये रुके रहेंगे। वहीं कुमाऊं में खासा असर दिखाई देगा। हल्द्वानी कुमाऊं की आर्थिक मंडी है। यहां से ट्रकों से रोजाना नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर चंपावत, पिथौरागढ़ में सरिया, सीमेंट, राशन, सब्जी, फल, कपड़ा आदि जाता है। रोजाना 40 हजार से ज्यादा ट्रक पर्वतीय से मैदानी जिलों में आवाजाही करते हैं। सिर्फ नैनीताल जिले के ही 15-18 हजार ट्रक दिल्ली, यूपी, पर्वतीय जिलों के लिए चलते हैं। ट्रकों की हड़ताल से पर्वतीय जिलों में विकास कार्य प्रभावित होंगे। कारोबार पर भी असर पड़ेगा। 100 करोड़ का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। वहीं प्रदेश भर में कई जगह विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल करेंगे वाहन स्वामी
18 हजार ट्रक नैनीताल में, 80 हजार लोग करते है ट्रक में काम
100 करोड़ का कारोबार हो सकता है प्रभावित
ये हैं ट्रांसपोर्टरों की मांगें
1- टोल टैक्स का खात्मा
2- थर्ड पार्टी इंश्योरेंस में हर साल मनमाने ढंग से हो रही वृद्धि पर रोक
3- डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जाए
4- वाहनों से सरिया, पाइप बाहर निकलने की रोक होने पर वैकल्पिक इंतजाम
5- स्थानीय वाहनों से पर्वतीय जिलों में जाने पर लिया जाने शुल्क हो समाप्त
हड़ताल में इन्हें छूट
ट्रकों के चक्काजाम में फल, दूध, सब्जी, अखबार, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, ऑक्सीजन के सिलिंडर वगैरह को जाने की रियायत रहेगी।
20 जुलाई को ट्रकों की हड़ताल रहेगी। यदि फिर भी सरकार ने मांगें नहीं मानी तो बेमियादी आंदोलन होगा।
-राजकुमार नेगी, अध्यक्ष देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल
टीपी नगर में विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा। अगर सरकार मांगें नहीं मानती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
-प्रदीप सब्बरवाल, महामंत्री ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारी एसोसिएशन