ल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय से स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की अभी हरी झंडी नहीं मिली है, लेकिन एमबीपीजी कॉलेज में रोजाना प्रवेश के विषय में जानकारी करने के लिए सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी पहुंच रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने छात्र-छात्राओं से स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए अभी कॉलेज न आने की अपील करते हुए नोटिस निकाला है। छात्रों की भीड़ होने से पीजी की कक्षाएं संचालित होने में दिक्कत हो रही है। एमबीपीजी कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए रोजाना बड़ी संख्या में छात्रों की भीड़ उमड़ रही है। इस कारण छात्रों की भीड़ को नियंत्रित करने में ही काफी समय लग जा रहा है। कॉलेज के सहायक परीक्षा प्रभारी डॉ. एएस उनियाल ने बताया कि प्रवेश के लिए आ रहे छात्र-छात्राओं से अपील की गई है कि कुमाऊं विवि से प्रवेश शुरू होने की सूचना प्रकाशित होने के बाद ही कॉलेज आएं। उन्होंने बताया कि छात्रों की भीड़ होने की वजह से पीजी की कक्षाएं चलाने में परेशानी हो रही है। उधर, कुविवि के कुलपति प्रो. डीके नौडियाल ने बताया कि प्रवेश में स्थानीय विद्यार्थियों को अधिमान अंक के मामले में हाइकोर्ट में विवि की ओर से दायर अपील पर तीन अगस्त को सुनवाई होने की उम्मीद है इसके बाद ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में सरकार की ओर से याचिका दायर हुई है। उस पर भी सुनवाई होनी बाकी है।