गरुड़ (बागेश्वर)। उत्तराखंड टी बोर्ड के निदेशक बीएस नेगी ने कहा है कि चाय बागान श्रमिकों को लंबित एरियर का आधा भुगतान एक सप्ताह के अंदर कर दिया जाएगा। अवशेष भुगतान शासन से बजट अवमुक्त होने के बाद किया जाएगा। बता दें कि चाय बागान श्रमिक संगठन ने श्रमिकों का 86 लाख रुपये का लंबित एरियर का भुगतान लंबे समय से न होने पर श्रम न्यायालय हल्द्वानी में याचिका दायर की थी। श्रम आयुक्त ने एरियर का भुगतान न होने पर टी बोर्ड के प्रबंध के खिलाफ कार्रवाई करने के संबंध में डीएम बागेश्वर को लिखा था। डीएम के निर्देश पर तहसीलदार गरुड़ ने एरियर टी बोर्ड के प्रबंधक प्रमोद कुमार के नाम आरसी काट दी। राजस्व पुलिस ने संविदा पर तैनात प्रबंधक को बुधवार को गिरफ्तार करने के कुछ देर बाद छोड़ दिया। टी बोर्ड के निदेशक नेगी ने बताया कि श्रमिकों को लंबित एरियर का आधा भुगतान एक सप्ताह के अंदर कर दिया जाएगा।