गरुड़ (बागेश्वर)। परमानंद पांडे जीजीआईसी पाये में प्रधानाचार्य का पद सालों रिक्त है। पीटीए ने उच्चाधिकारियों से विद्यालय में प्रधानाचार्य की शीघ्र नियुक्ति करने की मांग की है। शिक्षा मंत्री को भेजे पत्र में अभिभावक शिक्षक संघ और पाये गांव निवासी लक्ष्मी दत्त पांडे ने कहा है कि परमानंद पांडे जीजीआईसी में प्रधानाचार्या का पद सालों से रिक्त है। विद्यालय उच्चीकृत हुए सोलह साल से अधिक समय हो चुका है, लेकिन यहां इंटर में गणित, इतिहास, अर्थशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषय नहीं हैं। दर्शानी गांव निवासी हरीश पांडे का कहना है कि विद्यालय में इंटरमीडिएट में गणित विषय नहीं होने से विद्यार्थी हाइस्कूल पास करने के बाद जीजीआईसी गरुड़ में प्रवेश लेने को मजबूर है। अभिभावकों ने विद्यालय में प्रधानाचार्य की तैनाती करने के साथ ही इंटर में महत्वपूर्ण विषयों की कक्षाएं संचालित करने की मांग की है।