रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड वन विकास निगम खनन प्रभाग की ओर से कोसी नदी किनारे खनन क्षेत्र में कांटे लगाए गए हैं। इनमें से खड़ंजा गेट पर लगाए गए कांटे का कंप्यूटर रविवार को नहीं चल सका। इस तकनीकी खराबी के कारण कोसी नदी में गए करीब 100 वाहन माल भर गेट पर पहुंचे लेकिन तौल न हो पाने के कारण इनकी निकासी नहीं हो सकी। इनके चालकों को दिनभर नदी तल पर ही रहना पड़ा। निगम के डीएलएम अनीस अहमद ने बताया कि कांटों पर कंप्यूटर चलाने के लिए सौर ऊर्जा का प्रयोग किया जा रहा है। सौर ऊर्जा संयंत्र की प्लेट में तकनीकी खराबी आने के कारण कंप्यूटर नहीं चल सका, जिससे लगभग 100 वाहन चालकों को परेशानी हुई। शाम छह बजे बाद कंप्यूटर चलने पर ही वाहन नदी से निकल सके। इसके चलते वाहन चालक, स्वामियों समेत खनन कारोबारियों में भी गुस्सा रहा।