कालाढूंगी (नैनीताल)। क्षेत्र में अंग्रेजी, देसी शराब की दुकानों में शराब की ओवररेट बिक्री की जा रही है। इस कारण इन दुकानों पर शराब विक्रेता और ग्राहकों के बीच आए दिन कहासुनी और मारपीट हो रही है। अंग्रेजी, देसी शराब की स्थानीय दुकान समेत कोटाबाग, बैलपड़ाव की दुकानों पर भी यही आलम है। दुकानों में कार्यरत सेल्समैन पुराना स्टॉक बताकर हर ग्राहक से छपे मूल्य पर 40 से लेकर 50 रुपये तक अधिक वसूल रहे हैं। ओवररेट का विरोध करने पर अभद्रता कर धमकी भी दी जा रही है। राज्य सरकार ने शराब की प्रत्येक दुकान पर मूल्य सूची लगाने, ग्राहक को बिल देने के आदेश जारी किए हैं लेकिन क्षेत्र की किसी दुकान पर बिल नहीं मिल रहा है और न ही रेट लिस्ट लगाई गई है। आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कालाढूंगी स्थित दुकान में शराब की ओवररेट बिक्री की शिकायतें ग्राहकों ने कई बार की हैं। छापा मार अभियान चलाकर उक्त दुकान के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।