रामनगर (नैनीताल)। दीपावली त्योहार के चलते मंगलवार से शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। इसके तहत मुख्य बाजार में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा। सीओ लोकजीत सिंह ने बताया कि 17 से 19 अक्तूबर तक लखनपुर, गर्जिया, पंपापुरी से आने वाले वाहनों को रोडवेज बस परिसर में खड़ा किया जाएगा। वहीं लखनपुर चौराहे से बड़े पर्यटक वाहन कोटद्वार रोड होकर काशीपुर, हल्द्वानी जाने वाले वाहन डिग्री कॉलेज से होकर जाएंगे। भवानीगंज की ओर से आने वाहन पुरानी तहसील परिसर में खड़े होंगे, जबकि चोरपानी की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग नगर पालिका परिसर में होगी। टप्पेबाजों से निपटने के लिए सादे कपड़ों में महिला, पुरुष कांस्टेबलों की तैनाती की जाएगी। सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने के लिए दो पेट्रोलिंग वाहनों की व्यवस्था की गई है।