कालाढूंगी (नैनीताल)। कोटाबाग ब्लॉक की ग्राम सभा देचौरी-देगांव में मनरेगा के तहत हुए विकास कार्यों में गांव के मनोज कुमार सिंह ने वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है। मामले में विधायक से शिकायत के बाद सोमवार को डीएम ने सीडीओ को प्रकरण की जांच करने के आदेश दे दिए हैं। मनोज कुमार ने बताया कि गांव में मनरेगा के तहत हुए विकास कार्यों की जानकारी ‘सूचना का आधार’ अधिनियम से मांगी गई तो उसमें कई कार्य ऐसे हैं जो मौके पर हुए ही नहीं। उन्होंने आरोप लगाया है कि गांव में अधिकांश पुराने कामों में लीपापोती कर नया दर्शाने की कोशिश की गई है। पूर्व में भी डीडीओ से मामले की शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को विधायक बंशीधर भगत से मामले में शिकायत की गई। विधायक ने डीएम दीपेंद्र चौधरी से मामले की जांच करने के आदेश दिए। डीएम ने सीडीओ प्रकाश चंद्र को प्रकरण की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा है।