रामनगर (नैनीताल)। हल्द्वानी-रामनगर मोटर मार्ग पर कोसी नदी पर निर्माणाधीन पुल छह साल में भी नहीं बन सका है। मोहल्ला दुर्गापुरी लखनपुर निवासी समाजसेवी हरीश चंद्र सती ने इस बारे में शनिवार को मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इसमें बताया गया कि हल्द्वानी-रामनगर मोटर मार्ग 54 किमी में कोसी नदी पर प्रीस्ट्रैस कंकरीट पुल बनना है। पीपीपी मोड में यह कार्य आठ फरवरी 2012 से शुरू हुआ था। तब इसकी लागत करीब 26 करोड़ रुपये थी। यह पुल 21 सितंबर 2014 तक बन जाना चाहिए था लेकिन छह साल बीतने के बावजूद यह पुल आधा भी नहीं बन सका है। इससे क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने इस पुल को लोनिवि के माध्यम से शीघ्र बनवाने की मांग की है।