नैनीताल। बारिश से हुए नुकसान के चलते जिले के सात मोटर मार्ग बंद हैं। बंद मोटर मार्गों में मल्ला रामगढ़- डांगबगला, तल्ली पाली-मल्ली पाली, भौर्सा-पिनरौ, बानना मोटर मार्ग, देवीपूरा-बोहरागांव, बबियाड़-दुदली तथा गर्जिया-बेतालघाट मोटर मार्ग शामिल हैं। वहीं, रविवार को सरोवर नगरी में मौसम का मिलाजुला असर दिखा। शाम तीन बजे तक शहर में हल्का कोहरा छाया रहा। उसके बाद कुछ देर के लिए मल्लीताल में झमाझम बारिश हुई और तल्लीताल में सूखा रहा। नैनी झील का जलस्तर 4 फीट 3 इंच पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट ने बताया कि 24 घंटे में 6 मिलीमीटर बारिश हुई है। ब्यूरो