हल्द्वानी। बालिका के जन्म पर 21000 रुपये की धनराशि मिलेगी। यह राशि बालिका की माता के खाते में ई-पेमेंट के माध्यम से भेजी जाएगी। इस संबंध में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को शासनादेश जारी किया गया। शासन ने यह भी कहा है कि अविवाहित बालिका को कक्षा 12 उत्तीर्ण करने पर (प्रधानाचार्य द्वारा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होने का प्रमाणपत्र आवश्यक) 30 हजार रुपये की धनराशि उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। शासनादेश में कहा गया है कि कन्याओं के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को एकीकृत कर 15 जून 2017 से नंदा गौरा योजना शुरू की गई है। उत्तराखंड में रहने वाले पात्र परिवार की दो बालिकाओं को सात चरणों में आर्थिक सहायता देने का प्रावधान था, जिसमें संशोधन कर अब दो चरणों में कर दिया गया है।
बालिका के जन्म पर माता को मिलेंगे 21000 रुपये