भवाली (नैनीताल)। नगर की मानसी कनवाल ने 12वीं कक्षा की परीक्षा 2018 में 88 प्रतिशत अंक पाए थे। इसलिए बोर्ड की ओर से इंस्पायर प्रमाणपत्र दिया गया है। इसके तहत उसे एमएससी तक की पढ़ाई के लिए हर साल 80 हजार रुपये की दर से अधिकतम चार लाख रुपये की मदद मिल सकती है। मानसी का सपना विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर अपने माता, पिता, शहर का नाम रोशन करना है। मानसी के पिता राजेंद्र कनवाल जहां छोटे से फड़ में चाय बेचते हैं। भारत सरकार का विज्ञान मंत्रालय वर्ष 2009-10 से यह कार्यक्रम चला रहा है। इसमें विज्ञान के क्षेत्र में विशेष हुनर और रुचि रखने वाले विद्यार्थियों, शोधार्थियों को तीन योजनाओं के तहत चुना जाता है। इसमें से स्कॉलरशिप फॉर हायर एजूकेशन (सीएचई) में मानसी का चयन हुआ है। यह अवार्ड हर राज्य के ऐसे टॉप एक प्रतिशत विद्यार्थियों को दिया जाता है, जिसने अपने विद्यालय और बोर्ड स्तर पर अच्छे अंक पाए हों।