हल्द्वानी। कार्यकाल पूरा होने के बावजूद समय पर सहकारी समितियों के चुनाव नहीं कराए जा सके। इसलिए सहकारी समितियों के अध्यक्षों को पद से हटा दिया गया है। जिले की सभी समितियों में प्रशासन नियुक्त कर दिए गए हैं। जिला सहायक निबंधक सहकारी समितियां उत्तराखंड बीएस मनराल ने सहकारी समितियों में प्रशासकों की नियुक्ति की पुष्टि की। बताया कि जिले में 59 सहकारी समितियां हैं। इन समितियों में प्रशासक नियुक्त करते हुए उनका चार्ज जिले में तैनात सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता), अपर जिला सहकारी अधिकारी, राजकीय पर्यवेक्षकों को दिया गया है। इन सभी के पास दो या अधिक समितियों का चार्ज रहेगा। अग्रिम आदेशों तक नवनियुक्त प्रशासन अपने पदों पर बने रहेंगे। समितियों का कामकाज प्रशासकों के सहयोग से यथावत चलता रहेगा।