हल्द्वानी। नए साल की छुट्टियों के मौके पर वापसी की ट्रेनें अभी से पैक हो गई है। अलग-अलग रूटों की ट्रेनों में शयनयान व वातानुकूलित कोच में वेटिंग शुरू हो गई है। राहत की खबर है कि काठगोदाम आने वाली ट्रेनों में अभी सीटें बाकी हैं। नए साल का जश्न मनाने के लिए नैनीताल, पिथौरागढ़, रामगढ़ के सभी होटल पैक हो गए हैं तो ट्रेनों की भी कमोबेश यही हालत है। इस साल 31 दिसंबर को रविवार है नए साल का पहला दिन सोमवार कामकाजी दिन होगा। काठगोदाम से दिल्ली, हावड़ा जाने वाली ट्रेनें पैक हो गई हैं। काठगोदाम रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक एक जनवरी को दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस की एसी प्रथम श्रेणी में 15 वेटिंग हो गई है तो चेयर कार में भी 13 वेटिंग पहुंच गई है। रानीखेत एक्सप्रेस में एसी की बोगियां पैक हैं शयनयान में भी वेटिंग शुरू हो गई है। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में भी वापसी की वेटिंग 26 तक पहुंच गई है। हावड़ा काठगोदाम एक्सप्रेस भी पैक हो चुकी है।