भीमताल (नैनीताल)। यहां तल्लीताल के पास मंदिर मार्ग में विशालकाय पेड़ के गिरने से शुक्रवार शाम विद्युत लाइन टूट गई और मंदिर मार्ग में वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। विद्युत लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से तल्लीताल और आसपास के क्षेत्रों में विद्युतापूर्ति ठप हो गई। शुक्रवार की देर शाम तल्लीताल से डांठ की ओर जाने वाली रोड में समर हाउस के पास एक विशालकाय पेड़ बिजली की लाइनों में आ गिरा, जिससे 11 केवी लाइन और दो पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पेड़ गिरने से सड़क में वाहनों की आवाजाही भी ठप हो गई। बाद में किसी तरह लोगों ने पेड़ की टहनियों को काटकर दोपहिया वाहनों की आवाजाही के लिए रास्ता बनाया। पेड़ गिरने से तल्लीताल और आसपास के क्षेत्रों में विद्युतापूर्ति ठप हो गई। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक शनिवार की सुबह से विद्युत लाइनों को ठीक कराने के बाद विद्युतापूर्ति सुचारु हो सकेगी। वहीं हल्द्वानी, रामनगर, कालाढूंगी में भी रात में हुई बारिश से यातायात और विद्युतापूर्ति प्रभावित रही।