रामनगर (नैनीताल)। अगर आपका टॉमी (पालतू कुत्ता) खाना नहीं खा रहा है तो सावधान हो जाइये, उसे सर्दी लग गई है। ठंड का असर पालतू जानवरों पर भी दिखाई देने लगा है। सर्दी की वजह से बीमार 8 से 10 पालतू कुत्ते रोजाना पशु चिकित्सालय पहुंच रहे हैं। पशु चिकित्सालय के वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. योगेश अग्रवाल ने बताया कि ठंड की वजह से कुत्तों में बुखार, निमोनिया आदि हो रहा है। उन्होंने पालकों से कहा है कि अगर कुत्तों में नाक से पानी आना, खांसी होना, बुखार होना या वह खाना पीना बंद कर दे तो उसे तुरंत डॉक्टर के पास लेकर पहुंचें। कुत्तों के साथ ही सर्दी लगने पर पालतू गाय-भैसें भी खाना पीना बंद कर देती हैं। दूध की मात्रा घट जाती है, कोल्ड शॉक जैसे लक्षण आते हैं। इसमें हाईपोर्थमिया प्रमुख रूप से देखने को मिलता है।
कुत्तों के लिए ये करें उपाय
-कुत्तों को सर्दी से बचाने के लिए उनको ऊनी वस्त्र पहनना चाहिए।
-शुष्क ठंडी हवा से बचाव करना चाहिए।
-सप्ताह में एक या दो बार गर्म पानी से नहलाना चाहिए।
-कुत्तों के बिस्तर बदलते रहना चाहिए।
-भोजन में दही, चावल नहीं देना चाहिए।
-उबला हुआ अंडा, मूंग की दाल एवं गर्म तासीर वाला भोजन दें।
गाय भैंसों के लिए उपाय
-पशुओं को गर्म वातावरण में रखना चाहिए।
-उन्हें गोठ से सुबह देर से बाहर निकालना चाहिए।
-खाने में खल, गुड़ देना चाहिए।
-उनकी बिछावन को प्रतिदिन बदलना चाहिए।
-बाहर खुले में जानवर के खड़े होने पर उनके ऊपर टांट इत्यादि पहनाना चाहिए।