भीमताल (नैनीताल)। शहर की एकमात्र भीमताल झील का जलस्तर गिरने से लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। सिंचाई विभाग ने डैम के पास टूटी सुरक्षा दीवार को ठीक कराने के लिए झील से पानी छोड़ने की बात कही है। रविवार को भीमताल झील में पानी छोड़ने से झील किनारे जलस्तर बेहद कम हो चुका है। इसके चलते झील आधी होने के चलते झील में रेत दिखाई देने लगी है। पिछले दिनों हुई बारिश की वजह से डैम की सुरक्षा के लिए बनी दीवार टूट गई थी। टूटी दीवार को सही कराने के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने झील से पानी की निकासी शुरू कर दी है। ताकि जलस्तर कम होने से टूटी दीवार को सुधारा जा सके। सिंचाई विभाग की जेई सुजाता हर्बोला ने बताया टूटी दीवार सही की जा रही है। इस वजह से पानी छोड़ा जा रहा है। जल्द दीवार को बनाकर पानी की निकासी बंद कर दी जाएगी। झील किनारे गंदगी भी बेहद फैली है।