द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। समझौते के अनुसार दूनागिरि मंदिर ट्रस्ट को खारिज नहीं किए जाने से गुस्साए संघर्ष समिति ने 28 अक्तूबर को यहां पहुंच रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत को काले झंडे दिखाकर विरोध करने का निर्णय लिया है। नगर पंचायत प्रांगण में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ट्रस्ट को खारिज करने के लिए 21 दिन तक आंदोलन चला, इसके बाद एक बार फिर से समिति को गुमराह किया गया। 15 दिन बाद भी आश्वासन पूरे नहीं हुए हैं। 28 अक्तूबर को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम प्रस्तावित है, संघर्ष समिति काले झंडे दिखाकर मुख्यमंत्री का क्षेत्र में पहुंचने पर विरोध करेगी। बैठक में संघर्ष समिति के अध्यक्ष विनोद भट्ट, कैलाश कांडपाल, नीरू आर्या, हेम रावत, डा. डीपी चौधरी, भीम सिंह किरौला, जगदीश चंद्र, जीवन सिंह, महेंद्र मैनाली, जगदीश भट्ट, महेश त्रिपाठी सहित तमाम लोग मौजूद थे।