किच्छा के निकटवर्ती ग्राम सौनेरा में बिजली के तार गिरने से गेहूं के खेत में आग लग गई। ग्रामीणों के प्रयासों से आग पर जब तक काबू पाया गया तब तक किसान की दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों में ऊर्जा निगम के प्रति रोष है। ग्राम निवासी गुरचरन सिंह बब्बू ने बताया कि उनके खेत से होकर बिजली की जो तारें निकल रही हैं वह काफी जर्जर हैं। जिन खंभों से होकर तारें निकल रही है वह लकड़ी के काफी पुराने खंभे हैं। बताया कि बृहस्पतिवार को वह चुनाव में व्यस्त थे कि उन्हें तार गिरने से खेत में आग लगने की सूचना मिली जब तक वह पहुंचे तो गांव वालों ने आग पर काबू पा लिया लेकिन उनकी दो बीघा गेहूं की फसल जल गई। उन्होंने ऊर्जा निगम से आग से बचाव के लिये खंभे और तारें बदलने की मांग की है।