हल्द्वानी। जमरानी बांध की डीपीआर को लेकर दिल्ली में केंद्रीय जलायोग के अधिकारियों के साथ सिंचाई अधिकारियों की बैठक इसी हफ्ते होनी है। सिंचाई विभाग के सीई और एसई बृहस्पतिवार को दिल्ली रवाना हो रहे हैं। सिंचाई विभाग के जमरानी खंड के अधिकारियों की एक टीम पहले से ही दिल्ली में डटी है। सिंचाई विभाग के सीई मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि जमरानी की डीपीआर अंतिम चरण में है। दिल्ली में बैठी जमरानी खंड के अधिकारियों की टीम ने डीपीआर और परियोजना के तमाम बिंदुओं पर आई आपत्तियों को निस्तारित कर दिया है। अब दिल्ली में केंद्रीय जलायोग के अधिकारियों के साथ डीपीआर पर महत्वपूर्ण बैठक होनी है। इस बैठक में डीपीआर पर सहमति बनने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जमरानी बांध परियोजना की डीपीआर 2850 करोड़ रुपये की भेजी गई है। इसी पर अंतिम मोहर लगनी है। दिल्ली में चार या पांच जनवरी को केंद्रीय जलायोग के अधिकारियों के साथ बैठक होगी।