संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। दिल्ली से रोडवेज की बस में कोटद्वार आ रहा एक व्यक्ति जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया। बदमाशों ने बेहोश कर उसका कीमती सामान लूट लिया। नशे की हालत में परिजनों ने पीड़ित को राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार भर्ती कराया।
पीड़ित सलीम अहमद (40) पुत्र शहनवाज निवासी गाड़ीघाट ने बताया कि वह शुक्रवार रात करीब 10:00 बजे आईएसबीटी दिल्ली से नजीबाबाद डिपो की बस में कोटद्वार के लिए बैठा। उसकी बगल की सीट पर एक युवक बैठ गया। बस के दिल्ली से चलते ही बगल की सीट में बैठे व्यक्ति ने उससे बात करनी शुरू कर दी। उसने बिजनौर जाने की बात कर उससे पहचान बढ़ाई। रात को मीरापुर के एक ढाबे में बस रुकी। इसके बाद वह व्यक्ति ने उसे बिस्किट खाने को दिया। उसने अनजाने में बिस्किट खा लिया और उसके बाद वह बेहोश हो गया। कोटद्वार के लालबत्ती चौक पर वाहन चालक और परिचालकों ने उसे बस से उतार दिया। नशे की हालते में वह किसी प्रकार अपने घर पहुंचा। उसके बाद परिजन उसे लेकर बेस अस्पताल पहुंचे। बताया कि बस में उसके पास एप्पल कंपनी का करीब ढाई लाख रुपये का लैपटॉप और 30 हजार रुपये कीमत का एक सेमसंग मोबाइल था। इसके अलावा पर्स में दो हजार रुपये, एटीएम, क्रेडिट कार्ड था यह सब गायब है।