कण्वघाटी। भाबर के किशनपुर में देवभूमि युवा समिति के युवाओं ने सड़कों के गड्ढे भरकर लोक निर्माण विभाग को आईना दिखाया है। लोनिवि को कई बार सूचना देने के बाद भी सड़कों के गड्ढे नहीं भरे जा रहे थे। जिससे राहगीर परेशान थे।
समिति के अध्यक्ष गौरव कुकरेती ने बताया कि हल्दूखाता से चक्रधर मोड़ के बीच सड़क पर कई बड़े गड्ढे हो गए थे। लोनिवि को कई बार सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी। मुख्य मार्ग होने के कारण जीआईसी कण्वघाटी के सामने पड़े गड्ढों में आए दिन दोपहिया वाहन सवार गिरकर चोटिल हो रहे थे। युवाओं का कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश की सड़कों को गड्ढों से मुक्त करने का दावा खोखला नजर आ रहा है।
कोटद्वार-चिलरखाल मोटर मार्ग पूरी तरह से गड्ढों से पटा पड़ा है। वहां भी लोनिवि आंखें मूंदे बैठा है। लोनिवि की लापरवाही का खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। जीआईसी किशनपुर के सामने सड़क के पूरे तरह से क्षतिग्रस्त होने के बाद युवाओं ने निर्णय लिया कि वो स्वयं श्रमदान कर सड़कों के गड्ढे भरने का काम करेंगे। रविवार को युवाओं ने स्वयं मलबा इकट्ठा कर सड़कों के गड्ढे भरकर लोनिवि को आईना दिखाया। सड़कों के गड्ढों को भरने के लिए मनोज कुमार, रजनीश शर्मा, राहुल कुमार, प्रियांशु केष्टवाल, भीम सिंह ने श्रमदान किया।
.