ल्वाणी गांव के क्वारंटीन सेंटर में रह रहा एक युवक (18) कोरोना पॉजिटिव मिला। क्वारंटीन में रह रहे एक परिवार से जीजा, साले का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। साले की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई जबकि जीजा की नेगेटिव। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित को भराड़ीसैंण में कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया है।
12 जून को ल्वाणी गांव के एक ही परिवार के पांच लोग हिसार से देवाल पहुंचे थे। इन सभी की थर्मल स्क्रीनिंग कर पंचायत घर में क्वारंटीन किया था। इनमें से 85 साल के बुजुर्ग की मृत्यु एक दिन बाद हो गई थी। बुजुर्ग सांस का मरीज भी था, जिस कारण उनका पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। जबकि चार अन्य लोगों में पति, पत्नी उनका एक साल का बेटा और महिला का भाई शामिल है। इनको प्राथमिक स्कूल में क्वारंटीन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के डॉ. शहजाद अली ने बताया कि 21 जून को इनमें से दो लोगों जीजा-साले के सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे गए थे, जिसमें से साले की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। जबकि जीजा की नेगेटिव आई है। बच्चे और उसकी माता का सैंपल जांच के लिए मेडिकल कालेज श्रीनगर भेजा जा रहा है।
ठेकेदार के भाई की ट्रेवलिंग हिस्ट्री खंगालने में जुटा प्रशासन
लैंसडौन। लोनिवि के एक ठेकेदार की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन ने उसके भाई की लैंसडौन क्षेत्र से संबंधित ट्रेवलिंग हिस्ट्री खंगालने व उसके संपर्क में आए लोगों को ट्रेस करना शुरू कर दिया है।
जयहरीखाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डा. पुंकेश पांडे ने बताया कि 23 जून को ठेकेदार की देहरादून में रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इस बीच सड़क निर्माण कार्य के लिए लैंसडौन पहुंचे ठेकेदार के भाई के संपर्क में आए लोनिवि के कर्मचारियों समेत 14 लोगों को होम क्वारंटीन कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि होम क्वारंटीन किए लोग स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं। ठेकेदार के भाई के संपर्क में आने वाले अन्य लोगों को ट्रेस कर उनकी ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली जा रही है।