जिला स्तरीय युवा महोत्सव-2016 के परिणाम बृहस्पतिवार को घोषित किए गए, जिसमें तीन में से दो प्रतियोगिताओं में दुगड्डा ब्लाक, जबकि एक में पौड़ी प्रखंड ने बाजी मारी। बीते बुधवार को यहां प्रेक्षागृह में आयोजित युवा महोत्सव में आयोजित लोकगीत, लोकनृत्य व एकांकी प्रतियोगिताओं के परिणामों की जिला युवक समिति के अध्यक्ष त्रिभुवन उनियाल ने घोषणा की।
बताया कि लोकगीत प्रतियोगिता में दुगड्डा ब्लाक ने प्रथम, कल्जीखाल द्वितीय व पौड़ी ब्लाक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार एकांकी नाटकों की प्रतियोगिता में दुगड्डा प्रथम, पौड़ी ब्लाक द्वितीय और कल्जीखाल तृतीय स्थान पर रहा।
लोकनृत्य प्रतियोगिता में पौड़ी ब्लाक ने प्रथम, कल्जीखाल द्वितीय और रिखणीखाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में लोक गायक अनिल बिष्ट, डा. वीपी बलोदी व नवीन भट्ट शामिल थे।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी चंद्रशेखर भट्ट, जिला युवा कल्याण अध्यक्ष प्रेमसिंह रावत व समिति अध्यक्ष उनियाल ने विजेता ब्लाकों की टीमों को शील्ड व नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। मौके पर संस्कृति कर्मी योगंबर पोली व कोट के ब्लाक प्रमुख सुनील लिंगवाल आदि मौजूद थे।