भाबर क्षेत्र के किशनपुर बाजार में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि बिजनौर के ग्राम भोजपुर निवासी सुरेंद्र (40) पुत्र हरकुल करीब डेढ़ बजे किशनपुर बाजार पहुंचा और वहीं एक दुकान के आगे लेट गया। शाम चार बजे के करीब उसके मुंह से झाग निकलने लगा। आसपास के दुकानदारों ने उसे उठाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं उठा। दुकानदारों ने इसकी सूचना कलालघाटी चौकी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। कलालघाटी चौकी इंचार्ज विकसित पंवार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने परिजनों के हवाले से बताया कि मृतक सुरेंद्र शराब पीने का आदी था। प्रथम दृष्टया अत्यधिक शराब के सेवन से मौत होने का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।