यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौबट्टाखाल विधानसभा की उपेक्षा पर रोष जताया है। कार्यकर्ताओं ने विधानसभा क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और सड़कों को दुरुस्त करने की मांग उठाई है। मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया है।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित राज सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने चौबट्टाखाल पहुंचकर तहसीलदार सुरेंद्र सिंह के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया। कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। स्थिति यह है कि लोगों को इलाज के लिए सतपुली, कोटद्वार और देहरादून जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यही स्थिति सड़कों की भी है। अधिकांश सड़कों की डामर उखड़ने से गड्ढे पड़ गए है, जिससे लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। ज्ञापन में राज्यपाल से स्वास्थ्य सेवाओं और सड़कों की हालत सुधारने के लिए राज्य सरकार को निर्देशित करने की मांग की गई। ज्ञापन प्रेषित करने वालों में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह रावत, पूर्व प्रमुख जसपाल सिंह, कल्याण सिंह, ग्राम प्रधान सुधीर कोहली, हीरा सिंह, कृष्णपाल, अजय सिंह आदि शामिल रहे।