कोटद्वार। समग्र शिक्षा अभियान पौड़ी के तत्वावधान में आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में दुगड्डा ब्लॉक स्तरीय विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें दुगड्डा विकासखंड के 45 विद्यालयों के करीब 140 बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया।
महोत्सव के तहत विज्ञान प्रदर्शनी और विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता आयोजित की गई। विज्ञान प्रदर्शनी का मुख्य विषय ‘सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार’ रहा, जबकि विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता का विषय ‘मानव जाति के कल्याण के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी’ रखा गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न मॉडलों, वैज्ञानिक प्रयोगों और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विज्ञान के महत्व को दर्शाया।
प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्य उमाकांत कुकरेती, प्रधानाचार्य मुकेश रावत और मनमोहन सिंह चौहान ने ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक पूनम पांथरी, रश्मि उनियाल, रेनू गौड़, सीतांशु खुगशाल, दीपक नौटियाल, सरिता रौतेला, ज्योति ध्यानी, एकता वर्मा, कविता बिष्ट रावत, ममता भंडारी, निशा रावत और शकुंतला पटवाल आदि मौजूद रहे। संवाद