कोटद्वार। तेलीपाड़ा निवासी वृद्धा गोदांबरी देवी ने कोटद्वार के एक युवक पर उससे 11 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके नव निर्मित भवन पर बिजली की फिटिंग करने के लिए इंदिरानगर लकड़ी पड़ाव कोटद्वार का एक युवक आया था। उसने बिजली के कार्य के पूरे पैसे लिए और कुछ दिन बाद आधा कार्य कर चला गया और उसके बाद नहीं आया। गोदाबरी देवी ने बताया कि जब वह कोटद्वार के उस युवक की दुकान पर उसे कार्य करने अथवा पैसे वापस करने के लिए कहने को गईं तो उस युवक ने उनका पर्स छीनकर उसमें से 11 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद उन्होंने मोबाइल पर उससे संपर्क किया, जिस पर युवक ने उसे जान से मारने की धमकी दी। वृद्धा ने कोटद्वार पुलिस से उसे पैसे वापस दिलाने और उसकी सुरक्षा की मांग की है। उधर, एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।