सतपुली। द हंस फाउंडेशन और वन विभाग की ओर से गुमखाल में वनाग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) एसपी सुबुद्धि ने किया। उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य वनाग्नि की घटनाओं के दौरान सुरक्षा उपायों, आग पर प्रभावी नियंत्रण, प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन के प्रति फायर फाइटर्स व स्थानीय समुदाय को जागरूक एवं प्रशिक्षित करना है। द हंस फाउंडेशन के सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर पुरुषोत्तम थपलियाल ने वनाग्नि प्रबंधन की जानकारी दी। जयहरीखाल और मटियाली क्षेत्र के वन क्षेत्राधिकारियों ने वनाग्नि के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। साथ ही सुरक्षित तरीके से आग बुझाने और स्वयं सहित अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों की जानकारी दी। प्रशिक्षण पूरा करने वाले फायर फाइटर्स को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस मौके पर सतीश बहुगुणा, संजय बजवाल, रोहित सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद