ससुराल पक्ष ने बताया डिप्रेशन में थी, भाई ने लगाया मारपीट का आरोप
कोटद्वार। सनेह क्षेत्र के अंतर्गत कोटडीढांग में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला पति और बच्चों के साथ दिल्ली में रहती थी और दिवाली मनाने के लिए ससुराल आई थी। ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला डिप्रेशन में थी और उसने चुन्नी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर शादी के बाद से ही शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार, कोटडीढांग निवासी कविता (45) पत्नी मुकुल अधिकारी दिल्ली में पति के साथ किराये के मकान में रहती थी। पांच नवंबर को वह दिवाली मनाने के लिए बच्चों के साथ कोटद्वार आई थी जबकि उसका पति सात नवंबर को यहां पहुंचा। रविवार रात खाना खाने के बाद दोनों सो गए। रात करीब दो बजे पति की आंख खुली तो कविता खिड़की पर चुन्नी के सहारे लटकी मिली।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। ससुराल पक्ष का कहना है कि दिल्ली में मकान बदलने के बाद से कविता डिप्रेशन में थी।
उधर, मृतका के भाई गोविंद ने पति के खिलाफ तहरीर देकर शादी के बाद से ही शराब पीकर बहन के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।