बाघ के हमले में महिला की मौत से ग्रामीणों में गुस्सा
- फोटो : अमर उजाला
कालागढ़ टाइगर रिजर्व (केटीआर) के पास स्थित अमलेसा गांव में एक महिला की बाघ के हमले में मौत हो गई है। इस घटना ने पूरे गांव में दहशत फैला दी है और स्थानीय ग्रामीणों में गहरा रोष है। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे वन अधिकारियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने हमलावर बाघ को गोली मारने की मांग की। ग्रामीण वन विभाग की ओर से समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज नजर आए। मौके पर पहुंचे केटीआर के डीएफओ और एसडीएम लैंसडौन से वार्ता के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। वन विभाग ने घटनास्थल के पास दो पिंजरें व कैमरा ट्रेप लगाते हुए पैट्रोलिंग बढ़ा दी है।
अमलेसा के प्रधान गजेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि गांव के पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह की पत्नी उर्मिला देवी (60) शुक्रवार शाम करीब पांच बजे घर के पास के खेत में घास काट रही थी। तभी घात लगाए बैठे बाघ ने महिला पर हमला कर दिया और करीब 50 मीटर दूर खेत में ले गया। खोजबीन होने पर महिला का शव पड़ा मिला। घटना के बाद से गांव में दहशत बनी हुई है। ग्रामीण हमलावर वन्यजीव को बाघ बता रहे हैं, जबकि वन विभाग जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट करने की बात कर रहा है।
वन अधिकारियों का कहना है कि हमलावर वन्यजीव गुलदार भी हो सकता है। हालांकि लैंसडौन के विधायक दिलीप रावत इसे बाघ का हमला ही बता रहे हैं। प्रधान के अनुसार शनिवार दिन तक ग्रामीणों ने महिला के शव को घर के पास से नहीं उठाने दिया। ग्रामीणों ने हमलावर बाघ को शूट करने की मांग को लेकर हंगामा किया। एसडीएम शालिनी मौर्य और केटीआर के डीएफओ तरूण एस. के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। पीड़ित परिवार को वन विभाग की ओर से फौरी सहायता के रूप में 2 दो लाख रुपये का चेक दिया गया है। वन विभाग ने घटनास्थल के पास दो पिंजरे और कैमरा ट्रेप लगाए हैं। वन कर्मियों की टीम पैट्रोलिंग कर रही है। सूचना मिलते ही जयहरीखाल के ब्लॉक प्रमुख रणवीर सजवाण समेत कई जनप्रतिनिधि पहुंच गए। उन्होंने हमलावर बाघ को शूट करने की मांग वन विभाग व प्रदेश सरकार से की है।
मौके पर प्रदर्शन करने वालों में प्रधान जीएस पुंडीर, सुरेंद्र सिंह नेगी, सूरजपाल सिंह, लक्ष्मण सिंह गुसाईं, विक्रांत खंतवाल, जिला पंचायत सदस्य ज्योति पटवाल, मंदीप पटवाल, भगत सिंह, सुनील गुसाईं, सरोजनी देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।