यूपी के गाजियाबाद से द्वारीखाल ब्लाक स्थित अपने गांव लौटी एक 30 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने महिला समेत उसके संपर्क में आए उसके आठ परिजनों को कोविड केयर सेंटर कौड़िया में भर्ती कर दिया है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डाडामंडी के प्रभारी चिकित्सा प्रभारी डा. अनूप सिसौदिया ने बताया कि द्वारीखाल ब्लाक के एक गांव निवासी महिला गत 20 जून को यूपी के गाजियाबाद से अपने परिचित के साथ दो बच्चों को लेकर गांव लौटी थी। महिला और उसके दोनों बच्चों को होम क्वारंटीन किया गया था, जबकि उसके साथ आए परिचित व्यक्ति को गांव की स्कूल में क्वारंटीन किया गया था। इस बीच महिला की तबीयत खराब होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक जुलाई को उसका सैंपल लेकर कोरोना जांच के लिए ऋषिकेश एम्स भेजा था। सोमवार को महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे और उसके संपर्क में आए परिवार के तीन अन्य वयस्कों और चार बच्चों को कोविड केयर सेंटर कौड़िया में भर्ती कराया गया है।