रात को बिजली कटौती से चैन की नींद नहीं सो पा रहे लोग, पेयजल किल्लत भी बढ़ी
कोटद्वार। बिजली की मांग बढ़ने के बाद ऊर्जा निगम ने क्षेत्र में कटौती शुरू कर दी है। रात के समय बिजली कटौती अधिक समय तक होने के कारण लोग चैन की नींद भी नहीं सो पा रहे हैं। वहीं पेयजल आपूर्ति के समय में कटौती होने से कई जगहों पर लोग पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। बिजली कटौती से क्षेत्रवासियों में ऊर्जा निगम के खिलाफ गहरा रोष व्याप्त है।
मानपुर निवासी गोली बिष्ट, कमल किशोर खंतवाल, जसदीप बिष्ट आदि ने बताया कि ऊर्जा निगम की ओर से पिछले तीन दिनों से रात के समय में ढाई से तीन घंटे तक कटौती की जा रही है। दिन भर में भी कई बार कटौती हो रही है जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात को बिजली कटौती होने से जहां लोग चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। वहीं सुबह पेयजल आपूर्ति के समय में बिजली कटौती होने से कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
ऊर्जा निगम की अधिशासी अभियंता नंदिता अग्रवाल ने बताया कि ग्रिड से ही यह बिजली की कटौती की जा रही है। आगे भी कटौती जारी रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह ऊपरी स्तर का मामला है। इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।