ग्रामीण लोनिवि लैंसडौन से पूछ रहे सवाल, जान जोखिम में डालकर आवाजाही हो रही सरकार
कोटद्वार/धुमाकोट। नैनीडांडा ब्लॉक के तहत कमेड़ा तल्ला बेड़हाट-बसेड़ी-शंकरपुर मोटर मार्ग का डामरीकरण 13 साल बाद भी नहीं हो पाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायत के बाद भी कार्यदायी संस्था लोनिवि लैंसडौन मार्ग की सुध नहीं ले रहा है जिससे ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने मार्ग का जल्द डामरीकरण कराने की मांग की है।
बखरोटी के पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह रावत, प्रेम सिंह, ध्यान सिंह, केसर सिंह, दिनेश सिंह, पान सिंह आदि ने बताया कि शंकरपुर-बसेड़ी-बखरोटी-कमेड़ा तल्ला-बेड़हाट मोटर मार्ग 35 साल पुराना मार्ग है लेकिन अभी तक इसका डामरीकरण नहीं हो पाया है। शंकरपुर समेत आसपास के गांवों के लोग हिचकोले खाते हुए जान जोखिम में डालकर आवाजाही के लिए मजबूर हैं।
बरसात का मलबा भी अभी तक नहीं हट पाया है। मार्ग पर करीब 30 से अधिक पुश्ते क्षतिग्रस्त हैं। मलबा भरने से स्कपर भी बंद पड़े हैं। 13 व 14 किमी के बीच पहाड़ कटान का काम भी ठीक से नहीं किया गया है। सड़क की चौड़ाई मानकों के अनुरूप नहीं होने से बड़े वाहनों की आवाजाही भी नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को भी सड़क के डामरीकरण के लिए ज्ञापन भेजा था। सांसद ने दिसंबर, 2025 को लोनिवि सचिव को पत्र भेजकर डामरीकरण कराने को कहा है लेकिन अभी तक मार्ग का डामरीकरण नहीं हो पाया है।
सड़क के डामरीकरण के लिए पीएमजीएसवाई बैजरो खंड सतपुली की ओर से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाना है। संबंधित विभाग की ओर से ही सड़क का डामरीकरण कार्य कराया जाना है।
- चेतन भट्ट जेई, लोनिवि लैंसडौन।
हमारे यहां इस सड़क का नाम केलधार गोलाबैंड मोटर मार्ग के नाम से है। 33 किमी इस सड़क के डामरीकरण के लिए 40 करोड़ की डीपीआर बनाई गई है। जल्द ही इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया जाएगा।
-अमित शर्मा, जेई, पीएमजीएसवाई बैजरो स्थित सतपुली