कोटद्वार। सुखरो नदी के आसपास जंगल एवं वीरान क्षेत्र में बेहाल भटक रहे एक निराश्रित वृद्ध को वृद्धाश्रम ले जाया गया। शुक्रवार सुबह सामाजिक कार्यकर्ता कलालघाटी निवासी इंदु नौटियाल की सूचना पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की आरक्षी विद्या मेहता मौके पर पहुंची। वृद्ध सुखरो नदी से सटे सुनसान जंगल में भटकता मिला। करीब 65 वर्षीय वृद्ध अपने बारे में कुछ नहीं बता पा रहा था। बामुश्किल उसने अपना नाम रामप्रसाद निवासी नेपाल बताया। वृद्ध को समखाल स्थित आशियाना वृद्धाश्रम ले जाया गया।