कंडारी कॉलोनी-सीताबपुर संपर्क मार्ग पर आवाजाही बाधित, शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं
लोग दो किमी का फेरा लगाने के लिए हैं मजबूर
कोटद्वार। नजीबाबाद रोड स्थित कंडारी कॉलोनी को सिताबपुर के कामरूप नगर क्षेत्र से जोड़ने के लिए पनियाली गदेरे पर बनाए गए पुल का लाभ स्थानीय लोगों को नहीं मिल पा रहा है। पुल के आगे बनाई गई दीवार के कारण कामरूपनगर, सिताबपुर, बालासौड़, ब्रह्मपुरी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों की आवाजाही बाधित हो गई है। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
नागरिक मंच के महासचिव अतुल भट्ट, डॉ. जेपी ध्यानी, दिनेश जोशी, हरीश चंद्र भारद्वाज आदि का कहना है कि क्षेत्रवासियों की मांग पर 25 साल पहले जिला पंचायत पौड़ी ने कंडारी कालोनी को बालासौड़ व आसपास के इलाके से जोड़ने के लिए पनियाली गदेरे में पुल बनाया था। पुल बनने के बाद उन्हें नजीबाबाद रोड तक पहुंचने का सीधा मार्ग मिलने की उम्मीद थी लेकिन कंडारी कॉलोनीवासियों ने इस मार्ग को अपना बताते हुए पुल के आगे दीवार खड़ी कर दिए जाने से रास्ता बंद हो गया है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि पुल पर खर्च की गई सरकारी धनराशि का उद्देश्य तभी पूरा होगा जब इसे आमजन के लिए सुचारु रूप से उपयोग में लाया जा सके। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से पुल के आगे बनी दीवार हटाकर आवाजाही बहाल करने की मांग की है। सहायक नगर आयुक्त अजय कुमार अष्टवाल का कहना है कि मामला काफी पुराना होने के कारण संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।