अपराजिता गोष्ठी में शामिल आर्य कन्या इंटरकालेज कोटद्वार की प्रतिभागी छात्राएं।
- फोटो : KOTDWAR
अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत पनियाली स्थित अरण्य भवन में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में आर्य कन्या इंटर कॉलेज की एनएसएस की छात्राओं ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। प्रतिभागी स्वयंसेवियों को बाल अपराध एवं महिला हिंसा के प्रति जागरूक करते हुए कानून की जानकारी दी गई।
पनियाली स्थित अरण्य भवन परिसर में आयोजित गोष्ठी में आर्य कन्या इंटर कालेज की कार्यक्रम अधिकारी अल्का बिष्ट ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कहा कि आज स्वच्छता देशभर में बड़ा आंदोलन बन गया है। स्वच्छता के लिए देशभर में ‘भारत स्वच्छ मिशन’ अभियान संचालित हो रहा है। हर नागरिक को अपने गांव, मोहल्ले और नगर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। उन्होंने गोष्ठी में शामिल सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण का भी संकल्प दिलाया। कहा कि पर्यावरण संरक्षण का सीधा संबंध पौधरोपण और उनके संरक्षण से है। गोष्ठी में विचार रखते हुए छात्राओं ने पौड़ी के बीरोंखाल के देवकुंडई गांव की बहादुर बच्ची राखी रावत को सलाम किया। कहा कि अमर उजाला के प्रयासों की बदौलत पहाड़ की बहादुर बच्ची राखी रावत का चयन राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के हुआ है।
शिक्षिका हेमलता अग्रवाल ने गोष्ठी में बाल अपराध एवं महिला हिंसा से जागरूक करते हुए स्वयंसेवी छात्राओं को गुट टच, बेड टच के फर्क के साथ ही साइबर क्राइम के प्रति सतर्क रहने और सोशल मीडिया का उपयोग सावधानी से करने पर जोर दिया गया। छात्राओं ने अमर उजाला की अपराजिता मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि इससे आम जनता और खासकर बेटियां और महिलाएं जागरूक हो रही हैं।
गोष्ठी में दमयंती नेगी, कुसुम देवी, कामिनी, सायना, चंचल, हंसिका नौटियाल, अंकिता राणा, मेघा, सलोनी, रिजवाना, साइना, राहिल, अंकिता नौटियाल समेत 54 प्रतिभागी शामिल रहे।