सिमलचौड़ में खुलेआम चल रहे शराब के अवैध धंधे और जुए के अड्डों से परेशान ग्रामीणों ने तहसील में पुलिस और आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम से इस पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने 24 घंटे के अंदर अवैध धंधों के बंद नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार को सिमलचौड़ की प्रधान भागीरथी देवी के नेतृत्व में ग्रामीण तहसील में एकत्र हुए। उन्होंने गांव में सरेआम बिक रही अवैध शराब और चल रहे जुए के अड्डों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर समाजसेवी ओमप्रकाश ने पुलिस और आबकारी विभाग पर बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
पुलिस और आबकारी विभाग जानबूझ कर अनजान बने हुए हैं जिसके कारण विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने 24 घंटे के अंदर गांव में चल रही अवैध शराब की दुकान और जुआ के अड्डों को बंद कराने की मांग की।
इस अवसर पर महिपत सिंह पटवाल, मधु देवी, जयंती देवी, हीरा देवी, चंद्रकला, पुष्पा देवी, लाजवंती देवी, कमला देवी, सुशील कुमार, यशोदा देवी, विजय लक्ष्मी देवी, ऊषा देवी, किरन देवी, विरेंद्र कुमार और सुशील चंद्र आदि थे।