कोटद्वार। यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भृगुखाल से तिमल्याणी तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वर्ष 2020-21 में निर्मित मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों में आक्रोश है।
मार्ग को जन उपयोगी बनाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद यमकेश्वर के एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी पौड़ी को ज्ञापन भेजा गया। विनोद डबराल ने कहा कि मोटर मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। मार्ग की खराब स्थिति के कारण क्षेत्रीय जनता को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मार्ग की बदहाली के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
चेतावनी दी गई कि समय रहते मोटर मार्ग की मरम्मत कर उसे जनता के लिए उपयोगी नहीं बनाया गया तो क्षेत्रीय जनता आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगी। धरना-प्रदर्शन में संपूर्ण सिंह, बीडीसी सदस्य भगत सिंह, सुमित्रा देवी, इंद्री देवी, राकेश सिंह, दीपक चंद्रा, सावित्री देवी, साक्षी, सीमा, विजय सिंह, महेश चंद्र, अनीता, सुषमा, वीरेंद्र सिंह, प्रसन्न लाल कुकरेती, सरोज देवी शामिल रहे।